शाहजहांपुर | उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र में एक नाबालिग ने मुस्लिम धर्मगुरु के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी कर दी जिससे गुस्साए सैकड़ों लोगों ने थाना घेर लिया और जमकर हंगामा किया।
देर रात हुए हंगामे और विरोध के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूरे कस्बे में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
तिलहर थाना अंतर्गत डभौरा गांव में रहने वाले युवक वरुण धवन ने दो दिन पहले एक साउथ इंडियन ग्रुप से एक पोस्ट शेयर कर दी थी। जिसमें एक समुदाय के मुस्लिम धर्म के लिए कुछ कहा गया था पोस्ट उर्दू में थी इसके बाद जब वरुण को अपनी गलती का एहसास हुआ तो उसने पोस्ट डिलीट करने के बाद एक वीडियो भी जारी किया था।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बुधवार को यूनीवार्ता से बताया कि तिलहर थाना क्षेत्र के गांव डभौरा के रहने वाले एक नाबालिक वरुण धवन ने दो दिन पहले मुस्लिम धर्मगुरु के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी।जिसके बाद मंगलवार देर रात एक समुदाय के सैकड़ों लोग की भीड़ थाने पहुंच गई। थाने का घेराव करने के बाद जमकर हंगामा किया। नाराज लोग आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसे जेल भेजने की मांग कर रहे थे।
श्री आनंद ने बताया कि वीडियो में वरुण धवन ने कहा कि उसने गलती से पोस्ट शेयर कर दी थी। उसकी मनसा किसी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी । एहतियातन पूरे कस्बे में जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात की गई है ।
