नयी दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय का वृक्षारोपण अभियान हर किसी को प्रेरित करने वाला है।
इस अभियान के तहत गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सीआरपीएफ के ग्रेटर नोएडा केंद्र में चार करोड़वां पौधा लगाया। दिसंबर तक इस अभियान के तहत पांच करोड़ पौध लगाने का लक्ष्य है, जिन्हें पूरी देख-रेख कर बड़ा किया जाएगा। मोदी ने ट्विटर पर शाह की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया में टिप्पणी की कि शानदार उपलब्धि ! पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण की दिशा में गृह मंत्रालय का यह वृक्षारोपण अभियान हर किसी को प्रेरित करने वाला है। प्रधानमंत्री ने टिप्पणी की कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने एक एक्स पोस्ट में बताया कि गृह मंत्रालय के अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान' के तहत चार करोड़ पौधे लगाए गए हैं। शाह ने पर्यावरण के संरक्षण के इस अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को बधाई दी है। शाह ने गृह मंत्रालय के अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत कल केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रेटर नोएडा स्थित केंद्र में आयोजित समारोह में चार करोड़वां पौधा रोपा। यह पीपल का पौधा है।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस बलों के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चार करोड़ हरे-भरे वृक्षों के माध्यम से पृथ्वी को हरा-भरा करने में सभी पुलिस बलों का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। यह अभियान पुलिस बल की शौर्यगाथा के साथ-साथ पृथ्वी के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति उनकी संवेदना की एक नयी गाथा लिखेगा। मंत्रालय में तीन साल पहले यह तय किया गया था कि दिसंबर, 2023 तक पुलिस बलों द्वारा पांच करोड़ वृक्ष लगाएं जाएंगे और इन्हें बड़ा कर दुनिया को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह लक्ष्य पूरा होगा। गृह मंत्री ने कहा कि सभी पुलिस बल के सभी जवानों और उनके परिजनों ने इस असंभव दिखने वाले काम को संभव करने के लिए वृक्ष को अपना दोस्त माना और उनकी देखभाल के लिए समय निकाला। गृहमंत्री ने कल वहां वीडियो कांफ्रेंंिसग के माध्यम से सीआरपीएफ के आठ विभिन्न परिसरों में 165 करोड़ रुपए की लागत से 15 नवनिर्मित भवनों और इमारतों का उद्घाटन भी किया।