नैनीताल | उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता हत्याकांड के मुख्य आरोपी और वनंतरा रिसार्ट के स्वामी पुलकित आर्य के जमानत प्रार्थना पत्र पर उच्च न्यायालय में आगामी 21 अगस्त सोमवार को सुनवाई होगी।
आरोपी के जमानत प्रार्थना पत्र पर सरकार की ओर से जवाब पेश कर दिया गया है जबकि पीड़िता की ओर से आपत्ति दर्ज करने के लिये अदालत से समय की मांग की गयी थी। अदालत अब 21 अगस्त को दोनों जवाबों के आलोक में सुनवाई करेगी।
आरोपी पिछले साल अक्तूबर से जेल में बंद है। एसटीएफ इस मामले की जांच कर रही है। एसटीएफ ने पुलकित आर्य और उसके दो साथियों अंकित गुप्ता और सौरभ भाष्कर को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था। आरोपी की ओर से पेश जमानत प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि वह बेकसूर है।
यहां बता दें कि वनंतरा रिसॉर्ट में बतौर रिसेप्सनिस्ट काम कर रही अंकिता की पिछले साल सितम्बर में हत्या कर दी गयी थी। हत्या का आरोप पुलकित और उसके साथियों पर है। उसका शव चीला बैराज से बरामद हुआ था। यह भी आरोप है कि पुलकित उस पर अनैतिक कार्य के लिये दबाव बना रहा था और परेशान कर रहा था।
इस घटना के प्रकाश में आने के बाद प्रदेश में भारी ऊबाल आ गया था। आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही को लेकर लोग सड़कों पर आ गये थे। सरकार की भी किरकिरी हो गयी थी। इसके बाद भाजपा ने पुलकित आर्य के पिता को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।