देवरिया | प्रचंड गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश के देवरिया में स्थित मेडिकल कालेज आकस्मिक अनुभाग में जून माह 147 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकांश मरीज गम्भीर अवस्था में आये थे।
मेडिकल कालेज में कालेज के प्राचार्य डा.राजेश बरवाला तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी(सीएमओ) डा. राजेश झा ने सोमवार को संयुक्त रूप से संवाददाताओं को बताया कि प्रचंड गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग लोगों को जागरूक कर रहा है और लोगों को ओआरएस के पैकेट का वितरण कर रहा है।
मेडिकल कालेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक(सीएमएस) डा.एच के मिश्रा ने बताया कि जून माह में अबतक मेडिकल कालेज के आकस्मिक अनुभाग में अबतक करीब 147 लोगों की चिकित्सा के दौरान मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि मरने वाले अधिकांश गम्भीर रूप से बीमार थे तथा उनमें कुछ की मौत अस्पताल आने से पूर्व हो चुकी थी।
जहां चिकित्सकों के अथक प्रयास के बाद भी उन्हें बचाये नहीं जा सका था।
सीएमओ डा. झा ने बताया कि हीट स्टोक के चार संदिग्ध लोगों की मौत हुई है, लेकिन यह साफ तौर से नहीं कहा जा सकता है कि उनकी मौत हीट स्टोक से हुई है।
डा. झा ने बताया कि जिले के सभी उच्च प्राथमिक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्दों को और जागरूक कर दिया गया है तथा दवा और ओआरएस के पैकटों का वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लू/उष्माघात जानलेवा हो सकता है। इससे बचाव ही उपचार है। उन्होंने बताया कि अधिक परिश्रम के मध्य विश्राम अवश्य करें, अधिक धूप में बाहर न जाये तथा पंखे के नीचे बैठे, हल्के तथा ढीले कपड़े पहने, चाय, काफी एवं शराब न पीये, छाया में बैठे, अधिक गर्मी में व्यायाम न करें, शरीर अधिक गर्म लगने पर स्रान करें, ठंडक प्रदान करने वाले फल खाये और वृद्धों और बच्चों का विशेष ध्यान रखे।