प्रयागराज | पूर्व केन्द्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में सभी 80 और बिहार की 40 सीटें जीतकर विपक्षी महागठबंधन की नाव को डुबोने का काम करेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंन्द्र सरकार के नौ वर्षो के कार्यकाल पूर्ण होने पर सोमवार को करछना में एक जनसभा को सम्बोधित करने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन यहां पहुंचे। उससे पहले उन्होने सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली में भी कमल खिलेगा। उन्होंने कहा अमेठी तो हमारी है ही, अबकी रायबरेली की बारी है। भाजपा यूपी की 80 और बिहार की 40 लोकसभा सीटें जीतकर परचम लहराने के साथ विपक्षी महागठबंधन की नाव डुबोने का कार्य करेगी।
श्री हुसैन ने कहा कि वह पिछले दिनों रायबरेली के दौरे पर थे, वहां के मुस्लिम समाज में भी भाजपा के प्रति रुझान दिखाई दिया है। इसलिए अबकी बार रायबरेली में कमल खिलने से कोई नहीं रोक पाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्षी नाव के डूबने का बड़ा कारण कि विपक्षी नाव पर कुशल माझी नहीं है। किसी भी नाव को खेने के लिए माझी की जरूरत होती है जब विपक्ष के पास माझी ही नहीं है और उसने भी विपक्ष का साथ छोड़ दिया है तो डूबती नैया को कौन बचाएगा।