सोशल मीडिया में शेयर की जा रही राजपत्र की फेक कॉपी
नई दिल्ली | सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग का एक नोटिफिकेशन वायरल हो रहा है। इसमें दो नए इलेक्शन कमिश्नर डॉ. राजेश कुमार गुप्ता और डॉ. प्रियांश शर्मा की नियुक्ति की जानकारी है। इसमें लिखा है कि दोनों अफसर 13 मार्च 2024 को पदभार संभालेंगे।
दरअसल, 3 सदस्यीय चुनाव आयोग में अभी उएउ राजीव कुमार ही रह गए हैं। चुनाव आयुक्त के दो पद खाली हैं। 9 मार्च को अरुण गोयल ने इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले अनूप पांडे 15 फरवरी को चुनाव आयुक्त पद से रिटायर हुए थे। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 16-17 मार्च को हो सकता है। इससे पहले चुनाव आयुक्त के दोनों पद भरे जाने हैं। 14 मार्च को पीएम के अध्यक्षता वाली समिति इनके नाम तय करेगी। इससे पहले यह नोटिफिकेशन वायरल हो रहा है। इस लेटर को कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर ने शेयर किया है।