इटावा | उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार इटावा को राज्य का सर्वश्रेष्ठ जिला बनाने में कोई कोरकसर नहीं छोड़ेगी।
श्री पाठक ने यहां पत्रकारों से कहा कि विकास के मामले पर इटावा को सर्वश्रेष्ठ जिले के रूप स्थापित किया जायेगा। सरकार की प्राथमिकता इटावा जिले को हर मामले में सर्वश्रेष्ठ बनाना है। कानून व्यवस्था, जल जीवन, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सड़के, ंिसचाई समेत सभी मामलों में उच्च कोटि की व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सैफई हवाई पट्टी के मेंटेनेंस के लिए योगी सरकार ने जारी किए दो करोड रुपए स्वीकृत किए गए। सैफई में निर्माणाधीन 500 बेडेड अस्पताल को नवंबर माह में हर हाल तक पूरा करने के निर्देश दिए गए है। सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में मरीजों के लिए बेहतर इंतजाम किया जायेगा। इटावा के सभी सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था एक सप्ताह के पूरी तरह दुरुस्त की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सैफई हवाई पट्टी के लिए दो करोड रुपए की रकम दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण और समीक्षा के दौरान कुछ कमियां मिली है जिसे दुरूस्त करने के लिये एक सप्ताह का समय दिया गया है। उन्होने कहा कि अधिकारियों को इस बात के साफ निर्देश दिए गए हैं कि जिला अस्पताल सहित जिले के सभी अस्पतालों की व्यवस्था की जाए। सभी अस्पतालों में मरीजों को अच्छा उपचार मिले। शत-प्रतिशत दवाएं अस्पताल से मिले और बाहर की दवाएं नहीं लिखी जाए।
