फिरोजाबाद | फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में सोमवार को प्रसव के बाद प्रसूता की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने महिला को आगरा के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में महिला की मृत्यु हो गई। परिजन शव को लेकर अस्पताल आए और अस्पताल में शव रख कर जमकर हंगामा किया।
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझा कर शव पोस्टमाटर्म के लिए फिरोजाबाद जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना मटसेना क्षेत्र के गांव लेखराजपुर निवासी सुनीती (23) पत्नी सतेंद्र को रविवार शाम को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसको लेकर हाईवे किनारे स्थित लाइफ केयर अस्पताल आए। यहां पर महिला ने देर रात सामान्य प्रसव से बेटे को जन्म दिया। दोनों जच्चा और बच्चा स्वस्थ थे।
परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने ब्लड मंगा कर चढ़ा दिया इसी दौरान महिला की हालत बिगड़ने लगी। जैसे पूरी बोतल ब्लड की चढ़ी महिला की हालत खराब होती चली गई। इस पर अस्पताल स्टाफ ने महिला को आगरा के लिए रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में महिला की मृत्यु हो गई। परिजन महिला को लेकर आगरा प्राइवेट अस्पताल पहुंच गये। डॉक्टर ने चेक करके उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को एंबुलेंस में लेकर अस्पताल आए और अस्पताल के अंदर रख कर हंगामा करने लगे।
मृतका के भाई और परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण उसकी बहन की मृत्यु हुई है।मौके पर पहुंचे डीप्टी सीएमओ बीड़ी अग्रवाल ने हॉस्पिटल पहुंच कर जांच की और अस्पताल को सीज कर दिया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में एक महिला की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। जिस पर अस्पताल को सीज किया गया है। फिलहाल सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। उसके बाद अग्रिम कार्यवाही होगी। जांच पूरी होने तक अस्पताल को सीज कर दिया है।