प्रयागराज | इलाहाबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी ने आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग और जानलेवा धमकी मिलने की रिपोर्ट सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई है।
एफआईआर के अनुसार भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने सिविल लाइंस थाने में समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शान यदुवंशी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। श्री त्रिपाठी पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल दिवंगत केशरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र है और सिविल लाइंस क्षेत्र के लोहिया मार्ग पर रहते हैं।
त्रिपाठी ने तहरीर में कहा है कि समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के महानगर अध्यक्ष शान यादव ने उनकी पत्नी और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री कविता यादव त्रिपाठी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। फोन पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने गुरूवार शाम शान यदुवंशी के खिलाफ 504, 506, 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।