उन्नाव | समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी में सपा प्रत्याशी डिपंल यादव ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संविधान बदलने के प्रयास को एकजुटता के साथ विफल किया जा सकता है।
गठबंधन प्रत्याशी अन्नू टंडन के नामांकन के मौके पर एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये श्रीमती यादव ने कहा कि संविधान को बचाने के लिए लोकसभा चुनाव में हम सबको एक होना पड़ेगा। पूरे जोश और होश के साथ यह चुनाव लड़ना पड़ेगा। भाजपा के सफाये के साथ ही संविधान को बचाया जा सकता है।
उन्नाव में चौथे चरण के चुनाव में 13 मई को वोट डाले जायेंगे। इसी क्रम में इंडिया गठबंधन की सपा प्रत्याशी अन्नू टंडन ने रोड शो निकाल कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। अन्नू के समर्थन मे मैनपुरी की सांसद ंिडपल यादव ने रोड शो से पहले जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद उन्होंने शहर में रामलीला मैदान से रोड शो शुरू किया जो कलेक्ट्रेट जाकर समाप्त हुआ।
इस दौरान सांसद ंिडपल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि पिछले 10 सालो मे भाजपा सरकार ने देश का वातावरण खराब किया है। रोजगार और नौकरी के मामले मे यह सरकार जीरो रही है। उन्होंने कहा ‘‘ हम सभी जानते हैं कि 2024 का यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि वर्तमान में देश के जो हालात है, जिन परिस्थितियो मे है वो अच्छे नहीं है। पिछले 10 सालो में देश का वातावरण बिगड़ा है। आज चाहे हमारा युवा वर्ग हो, हमारे किसान हों, या माता बहनें हों। सब अपने आप को पिछड़ा समझ रहे हैं। क्योंकि जिस विकास कार्य का वचन दिया गया था पिछले 10 साल की सरकार ने कुछ नहीं किया है।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश युवाओं का प्रदेश हैं। लेकिन रोजगार और नौकरी के मामले मे जीरो है। भाजपा सरकार जीरो टॉरलेन्स की बात करती है लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। युवाओं को भी मायूस करने का काम इस सरकार ने किया है। सरकार भर्ती निकालती है लेकिन बाद में निरस्त कर दी जाती है। यह सोची समझी साजिश के तहत हो रहा है। इन्हीं सब कमियों के चलते यह सरकार डगमगायेगी।
श्रीमती यादव रोड शो करने हेलीकॉप्टर से अकरमपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंची थी। यहां से वह सीधे वकीलों के रामलीला मैदान पहुंची। वहां पर पहले से मौजूद हजारों की संख्या मे मौजूद सपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा आप लोग चाहेंगे तो सरकार बदल जाएगी। अच्छे दिन और 15 लाख रुपए खाते मे आने का दावा करने वाली सरकार ने आज उन्हीं लोगों को बर्बाद करने का काम किया है। रात के समय किसान आवारा जानवरों को ताक रहे है, और उनके खेतों के फसलों को नष्ट कर रहे हैं। हमारा युवा फौज की नौकरी करता था। देश की सेवा करता था लेकिन इस सरकार ने अग्नि वीर लाकर के हमारे युवाओं को भी मायूस करने का काम किया है।