नयी दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देश की जनता से वादा किया है कि इस आम चुनाव में जीत कर सत्ता में आने पर 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वर्गों के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपए तक के निशुल्क उपचार की सुविधा दी जाएगी।
श्री मोदी ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में लोकसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणापत्र ‘मोदी की गारंटी संकल्प पत्र 2024’ को जारी करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने संकल्प लिया है कि 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा। 70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च-मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘मोदी गारंटी देते हैं कि जन औषधि केंद्रों पर 80 फीसदी छूट के साथ सस्ती दवाएं मिलती रहेंगी।’’ भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय के विस्तारित भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ ंिसह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में यह संकल्प पत्र जारी किया। संकल्प पत्र जारी होने के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारीशक्ति इन चार वर्गों से एक-एक व्यक्ति को ये संकल्प पत्र सौंपा।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि 10 वर्षों में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के हर ंिबदु को गारंटी के रूप में जमीन पर उतारा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने घोषणात्र की सुचिता को फिर स्थापित किया है। ये संकल्प पत्र विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ - युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान, इन सभी को सशक्त करता है। हमारा फोकस जीवन की गरिमा एवं गुणवत्ता और निवेश से नौकरी पर है। पिछले 10 वर्ष, नारी गरिमा, नारी को नए अवसरों को समर्पित रहे हैं। आने वाले 5 वर्ष नारीशक्ति की नई भागीदारी के होंगे। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए मुफ्Þत भोजन की योजना पांच साल और चलेगी ताकि वे किसी वजह से फिर से गरीबी के जाल में नहीं फंस जाएं।
श्री मोदी ने कहा, ‘‘आज बहुत ही शुभ दिन है। देश के कई राज्यों में इस समय नववर्ष का उत्साह है। आज नवरात्रि के छठे दिन हम सभी मां कात्यायनी की पूजा करते हैं और मां कात्यायनी अपनी दोनों भुजाओं में कमल धारण किए हुए हैं। ये संयोग भी बहुत बड़ा आशीर्वाद है। आज बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती भी है। ऐसे पावन समय में आज भाजपा ने विकसित भारत के संकल्प पत्र को देश के सामने रखा है।’