मुरादाबाद | पीतल नगरी के नाम से विख्यात मुरादाबाद में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के तीन दिवसीय विशाल धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है,जिसे लेकर लोगों के बीच उत्सुकता का माहौल है।
लोहिया मानव कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी विनीत लोहिया ने बुधवार को भूमि पूजन के बाद बताया कि 18 मार्च से लेकर 20 मार्च तक चलने वाले तीन दिवसीय ऐतिहासिक धार्मिक महोत्सव प्रस्तावित स्थल पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह17 मार्च को महानगर के प्रमुख महाकालेश्वर मंदिर से शुरू होकर कलश यात्रा का समापन आयोजन स्थल पर होगा। बाबा बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से मुरादाबाद में पहली बार धार्मिक महत्व का महोत्सव आयोजित किया जाएगा जिसको लेकर आमजन में उत्साह है। दो माह पूर्व प्रसिद्ध कथाकार रमेश भाई ओझा की यहां हुई कथा से सराबोर महानगर वासी अभीभूत रहे थे।
उन्होंने बताया कि भगवान श्री राम का जीवन एक आदर्श है, जिससे संसार के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा लेनी चाहिए। संसार के समस्त रिश्ते नाते किस प्रकार निभाएं जाएं यह हमें भगवान श्री राम के जीवन चरित्र से सीखना चाहिए। वहीं शास्त्रों में बताया गया है कि भगवान हनुमान अमर हैं और अष्ट चिरंजीवी में आते हैं। प्रस्तावित तीन दिवसीय बाबा बागेश्वर धाम सरकार के दिव्य दरबार में लगभग दो लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है।इसी को दृष्टिगत रखते हुए विशाल पांडाल से लेकर अन्य सभी व्यापक तैयारियां की जा रही है।
श्री बालाजी धाम बाबा नीम करोरी आश्रम ट्रस्ट और लोहिया मानव ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से दिल्ली रोड़ नेशनल हाईवे-09 से सटे लोहिया वन सेक्टर -6 में आज भूमि पूजन का आयोजन किया गया।