मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह बच्चों और ग्रामीणों से भरी ई रिक्शा में तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी।
इस हादसे में एक स्कूली छात्रा और एक अन्य युवक की मौत हो गई, जबकि रिक्शा चालक सहित चार बच्चे गंभीर बताये गये हैं। घायलों को पहले शाहपुर सीएचसी ले जाया गया जहां से उन्हे जिला अस्पताल रैफर किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आदमपुर गांव से स्कूल छात्र-छात्राओं और अन्य ग्रामीणों को लेकर शाहपुर आ रहा ई रिक्शा की टक्कर आदमपुर मार्ग पर स्थित ईंट भट्टे के पास विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप गाड़ी से हो गयी। टक्कर लगते ही ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गये और रिक्शा सड़क किनारे खाई की ओर पलट गई।
इस हादसे में एक छात्रा वर्णिका के साथ ही एक अन्य व्यक्ति नाजिम की मौत हो गई। ई रिक्शा चालक सहित अन्य घायलों को पहले शाहपुर सीएचसी भेजा गया, लेकिन गंभीर हालत में वहां से रिक्शा चालक और चार बच्चों को जिला अस्पताल के लिए रैफर किया गया, जिनमें वर्णिका भी शामिल थी। अस्पताल में उपचार के दौरान वर्णिका ने दम तोड़ दिया। रिक्शा चालक की भी हालत गंभीर बताई गई है।