आगरा | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोलकाता से आगरा मेट्रो का वर्चुअली लोकार्पण किया।
मोदी के झंडी दिखाते ही आगरा मेट्रो के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। यह देश की पहली मेट्रो बन गई है, जो तय समय से नौ महीने पहले ही ट्रैक पर दौड़ने लगी। इसके प्राथमिक भूमिगत सेक्शन का निर्माण 32 महीने में होना था, लेकिन यह 23 महीने में ही बनकर तैयार हो गया।
प्रधानमंत्री ने सात दिसंबर 2020 को आगरा मेट्रो का शिलान्यास किया था। इस मौके पर ताज महल मेट्रो स्टेशन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मेट्रो स्टेशन के अंदर एआई से निगरानी की जाएगी। आगरा मेट्रो यूपी की छठवीं मेट्रो है।
पहले चरण में अभी छह किलोमीटर तक मेट्रो चलेगी। इसके बीच में प्राथमिकता कॉरिडोर में छह स्टेशन शामिल हैं। जिनके बीच गुरुवार से आम जनता के लिए यात्री सेवा आरंभ हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा मेट्रो में सफर भी किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल स्टेशन से ताज पूर्वी स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में सफर किया। उनके साथ जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।
उन्होंने विजिटर बुक में अपने अनुभव सांझा करते हुए लिखा ‘‘ आगरा मेट्रो का आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने वर्चुअली शुभांरभ किया। प्रोजेक्ट की क्वालिटी के साथ ही समयबद्धता महत्व रखती है। आगरा मेट्रो ने इस मानक को बनाये रखा है...शुभकामनाएं।’’ योगी ने कहा कि दिसंबर 2021 में आगरा मेट्रो कार्य का शुभारंभ हुआ था और दो वर्ष के अंदर ही प्रायोरिटी सेक्शन के 6 किमी का पहला कार्य पूरा कर लिया गया, जिसमें तीन एलिवेटेड और तीन भूमिगत मेट्रो स्टेशन है। इस कार्य को पूरा करने के साथ ही इसमें मेट्रो सेवा भी प्रारंभ हो चुकी है। आगरा मेट्रो के शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसके पास सबसे अधिक शहर में मेट्रो की सुविधा है।
इससे पहले लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और कानपुर में मेट्रो सेवा प्रारंभ हो चुकी है। आज मुझे प्रसन्नता है कि उत्तर प्रदेश के छठवें शहर आगरा में ब्रजवासियों के लिए, आगरा वासियों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट की एक बेहतरीन सुविधा उपलब्ध हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो कारपोरेशन ने कानपुर मेट्रो, लखनऊ मेट्रो और आगरा मेट्रो के कार्य को जिस तत्परता के साथ किया है, उसकी सर्वत्र पर सराहना हुई है। तीन अंडरग्राउंड स्टेशन को तीन किमी क्षेत्र में, उन्हें विकसित करने में एक तय समय सीमा से पहले कार्य करके देश के अंदर सबसे पहले तीव्र गति से कार्य करने का कीर्तिमान हासिल करने वाली आगरा मेट्रो हुई है। यह अपने आप में एक उपलब्धि है।
योगी ने यूपीएमआरसी को उनकी इस सेवा के लिए हृदय से धन्यवाद दिया और कहा कि पीएम मोदी के विजन को जिस प्रभावी ढंग से उत्तर प्रदेश वासियों के हित में और उत्तर प्रदेश आने वालों के हित में, पर्यटन और पर्यटकों के हित में इस कार्य को यूपीएमआरसी ने करके दिखाया है। ये वास्तव में आम जनमानस के सुविधा को, उनकी सुरक्षा को ध्यान में रख करके किए गए प्रयासों का प्रतिफल है। ये चीजें दिखाती है कि अगर प्रोजेक्ट समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। कार्य मानक की गुणवत्ता को बनाए रखते हुए पूरा हो रहा है, तो कोई कारण नही कि हम उस सेवा को पब्लिक के विश्वास का प्रतीक बना सकते हैं। आगरा मेट्रो, कानपुर मेट्रो और लखनऊ मेट्रो की तर्ज पर आज हमारे अन्य शहरों में जो मेट्रो चल रही है, आम जनमानस के विश्वास का प्रतीक बनेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी ंिसह बघेल, स्थानीय सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।