फिरोजाबाद | उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के थाना उत्तर में पुलिस ने रविवार को चोरी हुई बोलोरो गाड़ी के साथ शातिर वाहन चोर को भी कुछ घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरोह के अन्य साथियों के विषय में जानकारी की जा रही है।
एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार देर रात थाना उत्तर क्षेत्र के तहत कोटला चुंगी चौराहा के समीप से एक बोलेरो पिकअप गाड़ी की चोरी की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। थाना उत्तर प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की सहायता से गाड़ी चोरी के विषय में जानकारी करते हुए नए बाईपास चनौरा पुल के समीप चोरी गई बोलेरो को बरामद कर लिया गया जिसे चोरी कर ले जाने वाला शातिर वाहन चोर शकील भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एस पी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार शकील शातिर अपराधी है जो मूल रुप से थाना अमापुर जनपद कासगंज का निवासी है। इसके खिलाफ जनपद कासगंज और फिरोजाबाद में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। शकील से उसके अन्य साथियों के विषय में भी जानकारी कर अगली कार्रवाई की जाएगी। शकील के खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई हो चुकी है। उसके द्वारा वाहनों को किराए पर ले जाकर वाहन स्वामी को गुमराह कर चोरी कर लिए जाने की बात भी स्वीकार की गई है। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करके जेल भेजा जा रहा है।