देवरिया | उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 14 से 22 जनवरी तक चलने वाले रामोत्सव को लेकर आज मंदिरों में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। देवरिया जिलाधिकारी अखंड प्रताप ंिसह ने राम जानकी मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि शताब्दियों में कभी कभी ऐसे गौरवशाली क्षण आते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि 14 से 22 जनवरी तक जनपद के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगर निकाय में स्थित मंदिरों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्रीराम जी के आदशों, मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों एवं नैतिक मूल्यों से आमजनमानस को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। इस अवधि में मंदिरों में दीप प्रज्वलन, दीप दान के साथ-साथ रामकथा प्रवचन, अनवरत रामायण रामचरित मानस का पाठ सुन्दरकाण्ड आयोजित किये जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर मंदिर में भजन को पूरी तन्मयता एवं श्रद्धा भाव के साथ सुना। भजन मंडली में वृद्धि चन्द्र, ब्यूटी भारती, रवींद्र साहनी व ंिपटू भारती शामिल थे। राम जानकी मंदिर के पुजारी राम प्रवेश मिश्र ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।