गोरखपुर | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है और उनके नेतृत्व में दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है तथा देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं।
योगी ने गोरखपुर के संझाई में विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में आज वैश्विक स्तर की इंफ्रास्ट्रक्चर, हाइवे, रेलवे, एयरपोर्ट का निर्माण हों रहा है। एम्स और फर्टिलाइजर के कारखाने बन रहे हैं और जनता की सुविधा के लिए प्रत्येक गांव को सड़क, पेयजल आदि की योजनाओं जोड़ने का कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 6.47 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के साथ विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार नहीं थी तो लोंगो को शौचालय, आवास, राशन, स्वास्थ्य, सड़कए, बिजली के लिए भटकना पड़ता था पर जब वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी तब उन्होंने देश के 140 करोड़ लोगों को परिवार की तरह समझकर प्रतिबद्धता व ईमानदारी के साथ उनकी भलाई के लिए कार्य किया। उसी के परिणाम स्वरूप देश की जनता उनके आ’’ान पर लगातार भाजपा को आशीर्वाद प्रदान कर रही है।
योगी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बिना भेदभाव सभी गरीबों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पहले जहां गरीबों के राशन पर डकैती और भ्रष्टाचार का बोलबाला होता था, गरीब को राशन नहीं मिलता था वहीं आज देश मे 80 करोड़ तथा यूपी में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले गरीब स्वास्थ्य सुविधा के आभाव में दम तोड़ देता था जबकि आज देश में 50 करोड़ व यूपी में 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान योजना के तहत प्रति वर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर मिल रहा है। पहले गरीबों के पास आवास नहीं थे वे झोपड़ी में जैसे तैसे गुजर बसर करते थे जबकि आज देश में 4 करोड़ व प्रदेश में 55 लाख गरीब परिवारों को आवास का लाभ मिला है।