प्रयागराज | तीर्थराज प्रयाग के दशाश्वमेध गंगा घाट से जल लेकर प्रतापगढ़ के बेलखरनाथ धाम जलाभिषेक करने जा रहे शनिवार को कांवड़यिों के एक साथी को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। उसे परिजन प्रतापगढ़ अस्पताल ले गये।
सोरांव थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि कांवडियों का एक समूह फाफामऊ गंगा घाट से जल भरकर पड़ोसी जिला प्रतापगढ़ स्थित बेलखरनाथ धाम जलाभिषेक करने जा रहे थे। सोरांव थाना क्षेत्र के ददौली नहर के पास एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की चपेट में आने से प्रतापगढ़ जिले के दिलीपपुर थाना के नोहर हुसैनपुर गांव निवासी घश्याम सिंह का पुत्र शिवम सिंह घायल हो गया। कांवडियों ने हाइवे जाम कर दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच कर उन्हें समझाबुझाकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल शिवम को प्रयागराज एसआरएन अस्पताल में उपचार के लिए भेज रहे थे लेकिन पीड़ित के परिजन उसे प्रतापगढ़ ले गये। उन्होंने बताया कि घायल किशोर के साथ बडगांव चौकी प्रभारी भी प्रतापगढ़ गये हैं। उन्होंने बताया कि चालक वाहन समेत भाग गया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर लिया है