प्रतापगढ़ | उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विभाग, ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग विजय लक्ष्मी गौतम ने आज प्रताप गढ़ जिले के विकास भवन सभागार में विकास कार्यो व कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
यहां विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शासन की नीतियों तथा विकास कार्यक्रमो को जन जन तक पहुचाने और कैम्प लगाकर पेंशन का लाभ पात्र व्यक्तियों को देने का निर्देश दिया , राज्यमंत्री ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र व्यक्ति गोल्डन कार्ड से वंचित न रहे, सभी पात्र व्यक्तियों का गोल्डन कार्ड बनाया जाये क्योंकि इस योजना के तहत 5 लाख तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जाती है।
मुख्यमंत्री आवास योजना के सम्बन्ध में समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम सचिव के माध्यम से जो भी पात्र लाभार्थी आवास योजना से वंचित रहे गये है उनकी लिस्ट तैयार कर लें और पोर्टल खुलने पर उन्हें योजना का लाभ दिया जाये।
अमृत सरोवर की समीक्षा में बताया गया कि लोकसभा क्षेत्र प्रतापगढ़ में 75 तालाबों एवं कौशाम्बी लोकसभा क्षेत्र का आंशिक भाग जनपद में होने के कारण 20 तालाब कुल 95 अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है जिसके सापेक्ष 70 का कार्य पूर्ण है। प्रत्येक ग्राम पंचायत 02-02 अमृत सरोवर निर्मित कराये जाने के लक्ष्य के सापेक्ष 850 सरोवरों को चिन्हित कर लिया गया है जिसके सापेक्ष 275 अमृत सरोवरों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है । शेष कार्य चल रहे है जिस पर राज्यमंत्री ने निर्देशित किया कि अमृत सरोवरों के कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करायें। विकास भवन सभागार में अधिकारियों ने राज्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया ।