मथुरा | उत्तर प्रदेश के मथुरा में ओखला बैराज एवं ताजेवाला हेडवर्क्स से लगातार पानी छोड़ने के बावजूद दो सेमी प्रति घंटे के हिसाब से यमुना का जलस्तर कम हो रहा है।
मंगलवार की शाम से बुधवार की सुबह के बीच यमुना के जलस्तर पर 43 सेंटीमीटर की कमी आई है तथा आज सुबह यमुना का जलस्तर 166.60 मीटर पर था यद्यपि यमुना अब भी खतरे के निशान से 60 सेन्टीमीटर ऊपर बह रही है। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि गोकुल बैराज से एक लाख 18 हजार 794 क्यूसेक पानी आगरा की ओर आज छोड़ा गया जब कि ओखला बैराज से आज भी 44525 क्यूसेक तथा ताजेवाला हेडवर्क्स से 31 हजार 501 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों से पानी खाली होता जा रहा है, उन क्षेत्रों में सफाई शुरू हो गई है तथा सिल्ट हटाई जा रही है। मेडिकल की टीमों ने घर घर जाकर दवा वितरित करने का काम शुरू कर दिया है। लोगों को यह सुविधा मिलना सुनिश्चित करने के लिए अचानक चेंिकग भी की जा रही है। उधर मांट पानीगांव मार्ग पर पानी पूरी तरह से समाप्त होने की स्थिति में है। इसी प्रकार राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़नेवाला नौहझील शेरगढ़ मार्ग पर भी पानी काफी कम हो गया है।