जीआरपी के सूत्रों ने बताया कि शनिवार को गोपीगंज स्थित ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर दरभंगा से पुणे जा रही अप ज्ञानगंगा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से पहुंची थी। स्टेशन पर गाड़ी ठहराव के बाद जैसे ही आगे बढ़ी कि पानी के लिए प्लेटफार्म पर उतरे एक यात्री ने दौड़ कर अपने कोच में चढ़ने का प्रयास किया मगर असंतुलित होने के कारण वह गेट पर लगे हत्थे से झूल कर रगड़ता चला गया।
शोर-शराबा होने पर आरपीएफ के जवानों ने तत्काल दौड़ कर इसकी सूचना स्टेशन मास्टर राम सजीवन को दी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए चालक से बात कर तत्काल ट्रेन को रोक लिया। ट्रेन रुकने के बाद यात्री को सकुशल बैठाकर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। विशेष बात यह है कि यात्री के शरीर में कहीं भी खरोच तक नहीं आई।