जौनपुर । उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद यादव ने शनिवार को जी-20 के सहयोग एवं एकजुटता की तारीफ की और कहा कि वसुधैव कुटुम्बकम की संकल्पना को इन 20 देशों द्वारा स्वीकार करते हुए एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य का स्लोगन दिया गया है। इस आयोजन की मेजबानी पर सभी भारतीयों को गर्व है।
बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय शिक्षा गोष्ठी में जी20 जन भागीदारी के उद्देश्यों, प्रभावों एवं प्रतिफलों पर प्रकाश डाला गया। श्री यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम हमारी अर्थव्यवस्था को बढ़ाने एवं प्रत्येक विभाग व जनसमुदाय को एक जुट करने का भी कार्य करेगा एवं समस्त नागरिक अपनी-अपनी भूमिकाओं से अवगत होते हुए देश के आर्थिक विकास में एक नई दिशा का निर्माण करेगा।
उन्होंने कहा कि हम अब सभी शिक्षण संस्थानों को खेलकूद से सुसज्जित करेंगे जिससे शारीरिक, मानसिक रूप से सुसज्जित विकसित होते राष्ट्र के प्रति जागरूक हो सकें यह हमारी प्रतिबद्धता है उसी के क्रम डायट में एक बहु उद्देशीय इंडोर स्टेडियम का निर्माण अविलम्ब शुरू करा दिया जाएगा।