लखनऊ । नाथपंथ के सन्यासी के रूप में दीक्षित होने के बाद से ही मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ खुद अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं। पर, प्रतिवर्ष उनके जन्मदिन को लेकर समाज के हर आयु वर्ग में उल्लास छाया रहता है। सोमवार को उनके जन्मदिन को विविध कार्यक्रमों के बीच सेलिब्रेट किया गया। सेलिब्रेशन का एक नयनाभिराम दृश्य गोरखनाथ मंदिर में देखने को मिला। यहां ताइक्वांडो सीखने वाले नन्हे योद्धाओं ने हैप्पी बर्थडे महाराज जी का स्वर गुंजित कर मुख्यमंत्री को रोज (गुलाब का फूल) गिफ्ट किया। सीएम ने बच्चों की शुभकामनाओं को बड़े ही प्यार से स्वीकार किया और उन्हें दुलारते हुए खूब आशीर्वाद दिया।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री अपनी नियमित दिनचर्या के अनुसार सोमवार प्रातः काल मंदिर परिसर का भ्रमण कर रहे थे। तभी दिग्विजयनाथ ताइक्वांडो ट्रेनिंग सेंटर के बच्चे उनके पास पहुंच गए। सबने एकस्वर में हैप्पी बर्थडे बोलकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और एक-एक कर गुलाब का फूल भेंट किया। इस पर मुख्यमंत्री मुस्कुरा उठे। उन्होंने बच्चों से उनके प्रशिक्षण और पढ़ाई को लेकर बातचीत की और आशीर्वाद देकर विदा किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। प्रशिक्षक आदित्य जायसवाल व लालदेव यादव के साथ सीएम से मिलने वालों में आराध्या, अनन्या, शिवांश, मरियम, आकृति, आदिति, प्रीतिशा, सुष्मिता, सिमरन आदि नन्हे योद्धा शामिल रहे।