नैनीताल | उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस व मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ) ने लाखों रुपये की स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस साल अभी तक नैनीताल पुलिस ढाई किलोग्राम से अधिक स्मैक बरामद कर चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार विशेष अभियान समूह (एसओजी), एएनटीएफ एवं बनभूलपुरा पुलिस की ओर से गुरूवार को मादक द्रव्य तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम को बनभूलपुरा के लाइन नंबर 17 में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के पास दो लोगों को रोका।
दोनों पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। कुछ दूर जाकर दोनों को पकड़ लिया गया। आरोपियों मो. जुनैद निवासी एवं मो. बिलाल असालतपुरा, थाना गलशहीद, मुरादाबाद, उप्र की तलाशी ली गयी तो दोनों के पास से 155.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस को दोनों आरोपियों की लंबे समय से तलाश थी। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है।
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि आरोपी उप्र से स्मैक खरीद कर हल्द्वानी बेचने के लिये लाये थे। बरामद स्मैक की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गयी है।
नैनीताल इस साल एक जनवरी से आठ जून तक 84 मामलों में तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर 2.626 किग्रा स्मैक, 18. 520 किग्रा चरस, 68.370 किग्रा गांजा व 955 नशीले इंजेक्शन बरामद कर चुकी है।