रामगढ़ताल में अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के द्वार खोलेगी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स रोइंग प्रतियोगिता
लखनऊ | खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में रोइंग के प्रतियोगिता निदेशक व यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव सुधीर शर्मा ने कहा है कि गोरखपुर के रामगढ़ताल में राष्ट्रीय स्तर की रोइंग प्रतियोगिता कराकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के जलक्रीड़ा खिलाड़ियों का सपना पूरा कर दिया है। इस प्रतियोगिता से अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के द्वार भी खुलने जा रहे हैं।
शनिवार को रामगढ़ताल में रोइंग प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मीडिया से बातचीत में श्री शर्मा ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में गोरखपुर में हो रही रोइंग प्रतियोगिता पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव व अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल के नेतृत्व में यहां देशभर से आए खिलाड़ियों की सुविधा के लिए अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। खिलाड़ी अविस्मरणीय यादें लेकर जाएंगे।
गोरखपुर में वाटर स्पोर्ट्स की भावी संभावनाओं के सवाल पर यूपी रोइंग एसोसिएशन के सचिव ने कहा कि हमारे लिए आगे स्वर्णिम अवसर हैं। रामगढ़ताल का ऐसा कायाकल्प हो चुका है कि यह वाटर स्पोर्ट्स का बेस्ट डेस्टिनेशन बनेगा। यही नहीं यहां सीएम योगी का बनवाया वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स देश में उत्कृष्ट श्रेणी का है। यहां अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ी खुद इसका गुणगान कर रहे हैं।
