मथुरा | उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल सोमवार को आईसीएआर केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के 100वें बकरीपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उदघाटन संस्थान में ही आयोजित एक कार्यक्रम में करेंगी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के 15 राज्यों के 100 बकरीपालक भाग लेंगे। यह बकरीपालक तामिलनाडु से लेकर उत्तराखण्ड , पंजाब समेत विभिन्न राज्यों के है।
यह जानकारी देते हुए आईसीएआर केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के निदेशक मनीष कुुमार चैटली ने बताया कि 2005-2006 से सीमांत एवं लघु किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए शुरू किये गए ,इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अब तक 27 राज्यों के हजारों बकरी पालक प्रशिक्षण ले चुके हैं ,इनमें तामिलनाडु से लेकर उत्तराखण्ड और जम्मू और कश्मीर के बकरीपालक शामिल हैं।
निदेशक ने बताया कि इस कार्यक्रम में अनुसूचित जाति एवं जन जाति के किसानों को भी बुलाया गया है। उन्हें बकरी पालन के आधुनिक तरीके के बारे में विस्तार से बताया जाएगा तथा उन्हें बकरी पालन से संबंधित किट भी नि:शुल्क दी जाएगी।उनका कहना था कि बकरी गरीब की गाय है जो कम खर्च पर अधिक मुनाफा देती है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिसमें इस संस्थान द्वारा बकरीपालन के क्षेत्र में अब तक किये गए प्रयासों या अनुसंधानों आदि का विवरण होगा। इस अवसर पर बकरी पालन से आर्थिक प्रगति कर चुके किसानों के अनुभवों से आमंत्रित किसानों को अवगत कराया जाएगा सं सोनिया
