मेरठ | 1857 में आज ही के दिन भड़की पहली ंिचगारी और क्रांतिवीरों के शौर्य को नमन करने के लिये क्रांति दिवस के अवसर पर शहर में प्रभात फेरी निकाली गई।
इसके अलावा शहर में इस अनेक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें औघड़नाथ मंदिर में बने शहीद स्मारक स्तंभ पर पुष्प अर्पण करके श्रद्धांजलि दी गई।
इसके तहत बुधवार प्रात: गांधी आश्रम से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें जिला प्रशासन के साथ स्कूली बच्चों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रभात फेरी इंदिरा चौक से होते हुए बुढ़ाना गेट और जली कोठी से होकर शहीद स्मारक पर संपन्न हुई, जहां शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में 400 से ज्यादा स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। स्कूली बच्चे बैंड बजाते हुए प्रभात फेरी से आगे आगे चल रहे थे। बाद में शहीद स्मारक पर झंडारोहण कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। इसके अलावा युवाओं ने बड़ी संख्या में हाथों में तिरंगा लेकर शहर में जागरुकता रैली निकाली तथा देशभक्ति के नारे लगाकर लोगों को जागरुक भी किया।
