लखनऊ | कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्रीमती वाड्रा ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट किया ‘‘ यूपी कांग्रेस के मेरे सभी साथियों को मेरा सलाम। मैंने आपको धूप और धूल में कड़ी मेहनत करते हुए देखा, आप झुके नहीं, आप रुके नहीं, कठिन से कठिन दौर में आपने लड़ने की हिम्मत दिखाई। आपको प्रताड़ति किया गया, आप पर फर्जी मुकÞदमे लगाये गये, जेल में डाला गया, बार-बार नजÞरबंद किया गया मगर आप डरे नहीं। कई नेता डर के चले गये, आप टिके रहे।’’ उन्होने कहा ‘‘ मुझे गर्व है आप पर और यूपी की जागरूक जनता पर, जिसने इस देश की गहराई और सच्चाई को समझा और हमारे संविधान को बचाने का ठोस संदेश पूरे भारत को दिया। आपने आज की राजनीति में एक पुराना आदर्श फिर से स्थापित किया है- कि जनता के मुद्दे सर्वोपरि हैं, इनको नकारने की कÞीमत भारी होती है। चुनाव जनता का है, जनता ही लड़ती है, जनता ही जीतती है।’’ गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कड़ी टक्कर दी है। 2019 के चुनाव में मात्र एक सीट पर सिमटी कांग्रेस ने इस चुनाव में छह सीटें जीती है वहीं उसकी सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) 37 सीटों पर कब्जा करने में सफल रही है। यूपी में इंडिया गठबंधन के बेहतरीन प्रदर्शन को भाजपा के पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाने को मुख्य वजह माना जा रहा है।