नयी दिल्ली | कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने परिवार की परंपरागत रायबरेली सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद शुक्रवार कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी ने भरोसे से उन्हें अपनी कर्मभूमि सौंपी है और वह उनके विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
श्री गांधी ने कहा ,‘‘रायबरेली से नामांकन मेरे लिए भावुक पल था। मेरी मां ने मुझे बड़े भरोसे के साथ परिवार की कर्मभूमि सौंपी है और उसकी सेवा का मौका दिया है। ’’ उन्होंने रायबरेली की तरह अमेठी के लोगों को अपने परिवार का हिस्सा बताते हुए कहा ,‘‘अमेठी और रायबरेली मेरे लिए अलग- अलग नहीं हैं, दोनों ही मेरा परिवार हैं और मुझे ख़ुशी है कि 40 वर्षों से क्षेत्र की सेवा कर रहे किशोरी लाल जी अमेठी से पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। ’’ श्री गांधी ने रायबरेली और अमेठी के लोगों से अन्याय के खिलाफ मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा ,‘‘अन्याय के खिलाफ चल रही न्याय की जंग में, मैं मेरे अपनों की मोहब्बत और उनका आशीर्वाद मांगता हूं। मुझे विश्वास है कि संविधान और लोकतंत्र को बचाने की इस लड़ाई में आप सभी मेरे साथ खड़े हैं।