लखनऊ : अखिलेश यादव ने कहा है कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव मैदान में है। जनता भी चाहती थी कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी का गठबंधन हो। समाजवादी पार्टी उसी दिशा में आगे बढ़ी। समाजवादियों की हमेशा कोशिश रही है सभी को साथ लेकर चलने की। गठबंधन बन गया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा हारेगी। जनता भाजपा के घमंड का घड़ा फोड़ेगी। भाजपा देश में चार सौ सीटे हारेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पीडीए का नारा दिया है। पीडीए को एकजुट किया है। हमने सबको पीडीए की छतरी के तहत जोड़ा है। पीडीए सामाजिक न्याय का नारा है। पीडीए के साथ बहुत अन्याय हुआ है। भेदभाव हुआ है। इसमें पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी, आधी आबादी महिलाएं और पीड़ित दुखी अगड़े सब शामिल हैं। नौकरियों में आरक्षण नहीं दिया। मदरसा एक्ट खत्म कर दिया। आदिवासियों को उनका हक नहीं मिला। आधी आबादी महिलाएं असुरक्षित हैं। भाजपा की सरकारों में महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं बढ़ी है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के दौरान महिला सुरक्षा के लिए बहुत काम किए गए थे, भाजपा सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। प्रदेश में हर दिन महिलाओं के साथ जघन्य घटनाएं सामने आ रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि इलेक्टोरल बांड मामले में भाजपा की घंटी बज गयी है। भाजपा अब इससे ध्यान हटाने के लिए नेताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है। भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय, किसानों की समस्यायें, किसानों की एमएसपी, महिलाओं की सुरक्षा, इलेक्टोरल बांड में भाजपा की वसूली ये सब बड़े मुद्दे हैं। भाजपा इन मुद्दों का मुकाबला नहीं कर पा रही है। वह चुनाव हार चुकी है। इसीलिए लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड?े के बजाय पार्टियों के खाते सीज कर रही है। विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। खाते सीज करने से आगे बढ़कर अब तो भाजपा सरकार मुख्यमंत्री भी सीज कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्द आजम खां साहब पर झूठे मुकदमें दर्ज कराए। उन्हें और उनके परिवार को परेशान किया। समाजवादी पार्टी पूरी तरह से उनके और परिवार के साथ है। वे पार्टी के बड़े नेता हैं। उन्होंने कई बार पार्टी को चुनाव जिताया है। हम उनकी राय लेते हैं। भाजपा झूठे मुकदमों का बड़ा रिकार्ड बना रही हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने बहुत कार्य किए। वर्ल्ड क्लास का टाउनशिप दिया। अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम बनाया। आईटी सिटी, कैंसर हॉस्पिटल बनाया, मेट्रो रेल चलाई। पराग और अमूल का प्लांट लगवाया। भाजपा ने कोई काम नहीं किया। भाजपा के पास बताने के लिए कोई काम नहीं है। भाजपा में घबराहट है। भाजपा ने यूपी का विकास रोका है। डबल इंजन की सरकार तो अपने सांसदों के गोद लिए गांव को भी नहीं सुधार पायी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। उत्तर प्रदेश में गड्ढा मुक्त करने के नाम पर 40 हजार करोड़ का बजट लिया गया। बजट कहां खर्च हुआ पता नहीं चला। लेकिन सड़कों के गड्ढे नहीं भरे जा सकें। भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया। उसकी नीयत नौकरी देने की नहीं है। नौकरी के लिए भर्ती निकालकर पेपर लीक करा दिया जाता है। यूपी में भर्ती का हर पेपर लीक हो जाता है। युवा खुद को ठगा महसूस कर रहा है। कई परीक्षाएं कैंसिल हो गयी। भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पकड़े गए। लाखों बच्चों का भविष्य अंधकार में डाल दिया। नौजवान डिग्रियां जलाने पर मजबूर हैं। आरक्षण में सरकार ने घपलेबाजी की। भाजपा ने नौजवानों की नौकरी छीनी है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर भाजपा सरकार में बहुत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। इलेक्टोरल बांड के मामले में भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। यह चंदा नहीं वसूली है।
यादव ने कहा कि जैसे ही इलेक्टोरल बांड की सूचना जारी हुई सरकार ने सीएए लागू कर दिया लेकिन उसका कोई असर नहीं दिखा तो नेताओं की गिरफ्तारी करने लगी।
भाजपा जनता के मुद्दों से भाग रही है। महंगाई, बेरोजगारी, अन्याय चरम सीमा पर है। किसानों को एमएसपी नहीं दी। दस साल की भाजपा सरकार में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या कर ली। इस सरकार ने पूंजीपतियों का 15 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन किसानों को एसएसपी का काूनन नहीं लागू किया। इस बार किसान, नौजवान, महिलाएं भाजपा को छोड़ेंगी नहीं, हराने का काम करेगी।