देवरिया | उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने गुरुवार को दावा किया आगामी लोकसभा चुनाव में देश में व्याप्त मोदी लहर और राम लहर के बीच विरोधियों को जमानत बचाना भी मुश्किल होगा।
श्री मौर्य ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश में इन दिनो मोदी लहर और राम लहर चल रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस का गठबंधन इस तूफान में तिनके की तरह उड़ जायेगा। उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे और विरोधियों को तो जमानत बचाना भी मुश्किल हो जायेगा। वैसे भी मौकापरस्ती के लिये बने सपा-कांग्रेस गठबंधन का हाल जनता 2017 के विधानसभा चुनाव में देख चुकी है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकारें गरीबों और किसानों के बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं जो गरीबों के कल्याण के लिए हैं, उन योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है और किसान कल्याण योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपनी जान बचाते घूम रहे हैं। प्रदेश में चहुओर विकास और खुशहाली है।
इससे पहले श्री मौर्य ने यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यो की समीक्षा की।