बहराइच | उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को दोपहर में निजी हेलीकॉप्टर से बहराइच पुलिस लाइन पहुंचे और कहा कि दिल्ली में किसान अपने हक के लिए धरना दे रहे हैं। हम किसानों के साथ हैं।
इसके बाद वह पूर्व कैबिनेट मंत्री यासर शाह के आवास की ओर रवाना हुए।
श्री यादव ने दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी पार्टी और पीडीए किसानों के साथ कंधा मिलाकर खड़े हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री आज एक बजे के आसपास पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड स्थल हेलीकाप्टर से पहुंचे। इसके बाद वह शहर के मोहल्ला काजीपुरा निवासी पूर्व कैबिनेट मंत्री यासर शाह के आवास के लिए रवाना हुए। श्री शाह के आवास रवाना होने से पहले पत्रकार वार्ता में श्री यादव ने कहा कि दिल्ली में किसान अपने हक के लिए धरना दे रहे हैं। हम किसानों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार किसान की मांगों पर अमल करे, इसके लिए पीडीए गठबंधन पूरा सहयोग कर रहा है। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की पार्टी है। हक और सम्मान के लिए उनकी पार्टी किसानों के साथ रहेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, रामतेज यादव, विधायक आनंद यादव, जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव, महिला जिलाध्यक्ष मुन्नी देवी, गोंडा से सूरज ंिसह समेत अन्य मौजूद रहे। यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला और पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द होने के सवाल पर कहा की ये सरकार खुद पर्चा लीक कराती है, क्योंकि इन्हें नौकरी नहीं देनी है। सबसे ज्यादा पर्चे इसी सरकार में लीक हुए हैं। उन्होंने कहा की ये लोग सिर्फ भाषण देते हैं इनका भाषण भारत माता की जय से शुरू होता है और उसी पर खत्म होता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की हम शनिवार को राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे, इस सरकार से सभी परेशान हैं, नौजवानों पर और किसानों पर आसूं गैस के गोले फेंके जा रहे हैं, लाठियां चलाई जा रही हैं, किसान मारे जा रहें हैं, वो कहते राष्ट्रवादी राष्ट्रप्रेमी हैं। ये राष्ट्र प्रेमी है जो नौजवानों किसानों का उत्पीड़न कर रहें हैं। मंदिर हम भी बनवा रहें हैं। शालिग्राम जी हम लेकर आए हैं राम मंदिर जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भगवान बुलाएंगे हम जायेंगे उन्होंने कहा की भाजपा कोई दल नही ये एक गिरोह है।