नैनीताल | उत्तराखंड के हल्द्वानी दंगे के मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली से पकड़ा गया है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीएन मीणा ने शनिवार शाम को हल्द्वानी में इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बनभूलपुरा दंगा के मास्टर माइंड अब्दुल मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे दिल्ली से पकड़ा गया है।
पुलिस के लिये इसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। वह दंगा के बाद विगत आठ फरवरी को फरार हो गया था। पुलिस उसकी लगातार तलाश करती रही। उसको पकड़ने के लिये छह टीमों का गठान किया था और उसको पकड़ने के लिये दिल्ली, मुम्बई, गुजरात, उत्तर प्रदेश एवं बिहार में लगातार दबिश देती रही लेकिन वह हाथ नहीं आया।
इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया था। उसके विदेश भाग जाने की आशंका के चलते नेपाल बार्डर के साथ ही अन्य जगहों पर आरोपी और उसके पुत्र अब्दुल मोइद के पोस्टर चस्पा कर दिये गये थे। उसे लेकर केन्द्रीय एजेंसियां भी सतर्क थी।
पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूरे मामले में पूछताछ करेगी। पुलिस बनभूलपुरा स्थित उसके घर की कुर्की कर चुकी है। यही नहीं पुलिस ने उसे इस घटना का दोषी मानते हुए संपत्ति को हुए नुकसान के बदले में 2.44 करोड़ का वसूली नोटिस भी जारी कर दिया था।
पुलिस ने अब्दुल मलिक के अलावा तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें फुरकान पुत्र अब्दुल हमीद निवासी लाइन नंबर-7 बिलाली मस्जिद और सालिम पुत्र मो0 इस्लाम निवासी नई बस्ती ठोकर, बनभुलपुरा और रईश उर्फ दत्तू पुत्र रफीक निवासी महिक का बगीचा, इंद्रानगर, बनभूलपुरा शामिल हैं।
श्री मीणा ने दावा किया कि पुलिस अभी तक 82 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
गÞौरतलब है कि इसी महीने आठ फरवरी को बनभूलपुरा के कथित मलिक के बगीचे से सरकारी भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के दौरान भीड़ ने पहले पुलिस प्रशासन की टीम पर पत्थरबाजी की और उसके बाद ंिहसक रूख अख्तियार करते हुए बनभूलपुरा थाना पर आग लगा दी।
इस दौरान पेट्रोल बम और अवैध हथियारों से हमले का भी आरोप है। इस घटना में कई गाड़ियों और संपत्तियों को आग लगा दी गयी थी। ंिहसा और आगजनी में पाँच लोगों की मौत हो गयी थी।