अमेठी | कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी(यूपीसीसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय के पार्टी का गढ़ रहे अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव लडने के बयान के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
राजनीतिक हलकों में आगामी लोक सभा चुनाव में राहुल गांधी एवं स्मृति ईरानी का दिलचस्प मुकाबला होने की चर्चाएं गरमाने लगीं है। जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) स्मृति ईरानी के चुनाव जीतने का दावा कर रही है वही कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष की इस घोषणा को संजीवनी के रूप में देख रहे है।राहुल गांधी के चुनाव लड़ने की खबर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश हाई हो गया है।
अमेठी में कांग्रेस का अतीत बहुत ही सुंदर था।अमेठी और कांग्रेस एक दूसरे का पर्याय थी। विगत आम चुनाव में राहुल गांधी को स्मृति ईरानी ने शिकस्त देकर कांग्रेस के किले को ढहा दिया था।चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी का अमेठी में आवागमन ना के बराबर हो गया।अब कांग्रेस ने अजय राय को यूपी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है और श्री राय ने अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते ही मीडिया में बयान देकर राहुल गांधी को अमेठी से आगामी लोक सभा चुनाव लडने का एलान कर दिया।राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि यह बयान अजय राय का निजी बयान नही है।राहुल गांधी के बारे में उन्होंने बिना किसी बात के चुनाव लडने की बात नही कर दी है।उनके इस बयान के बाद कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने भी उनके बयान के समर्थन में बयान जारी किया।
दीपक ने कहा कि अजय राय ने राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने की बात कही है ,निश्चित ही इसके पहले से अमेठी का जन-जन उसकी तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेठी के लोग राहुल गांधी को अपना परिवार मानते हैं और राहुल गांधी अमेठी के लोगों को अपना परिवार मानते हैं। अमेठी इस बार राहुल गांधी को रिकॉर्ड मतों से जीता कर अपनी भूल सुधार करना चाहती है ।
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी वायनाड से सांसद है तब भी अमेठी वासियों से उतना ही मोहब्बत करते हैं जब वह अमेठी से सांसद थे। पूरा देश इस बात को जानता है लेकिन अमेठी इस बात को मानती है। राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा निकाले तो उसके पहले वह अमेठी आए थे। उन्होंने कहा था कि किसी भी अच्छे काम की शुरुआत जब हम करते हैं तो अमेठी आते हैं ।जगदीशपुर से जामो तक उन्होंने पदयात्रा निकाली थी जिसमें हजारों हजार लोग उनके साथ चले थे। राहुल गांधी का जुड़ाव लगातार अमेठी से है। अमेठी की आम जनता, कार्यकर्ता और नेता राहुल गांधी के चुनाव की तैयारी कर रहे हैं । अमेठी की जनता अपनी भूल का सुधार करना चाहती है। बंद पड़े विकास को पुन: चालू करना चाहती है । झूठ के व्यापार और दुकानों को बंद करना चाहती है। उन्होंने आगे कहा कि अमेठी की जनता राहुल गांधी को अमेठी से सांसद चुनकर देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहती है।