रूद्रपुर/नैनीताल | उत्तराखंड की उधमसिंघ नगर पुलिस ने 57 लाख रुपये मूल्य की ई-सिगरेट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बरामद सिगरेट को नेपाल से दिल्ली ले जा रहे थे।
उधमसिंघ नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सितारगंज पुलिस की ओर से रविवार रात को ऑपरेशन प्रहार के तहत उप निरीक्षक इंदर सिंघ के नेतृत्व में चीकाघाट पुल के पास तस्करों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इस दौरान स्विफ्ट कार को रोका और उसकी जांच की तो उसमें से 11 पेटी ई सिगरेट बरामद हुई। बरामद सिगरेट की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 57 लाख रुपये आंकी गयी है। वाहन सवार दो तस्करों नाजिम खां और अफरोज निवासी वार्ड नंबर-2, इस्लाम नगर, नूरी मस्जिद के पास, खटीमा को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने बताया कि दोनों बरामद माल को नेपाल के रिंकू रोकाया नामक व्यक्ति से लेकर आये हैं और दिल्ली उसे दिल्ली ले जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ सितारगंज थाना में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
उधमसिंघ नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टीएस मंजूनाथ के अनुसार इस आपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पुलिस कर्मियों को मैन आफ द मंथ से सम्मानित किया जायेगा। एसएसपी की ओर से टीम को 2500 रुपये का ईनाम भी दिया गया है।