देवरिया | निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डाक्टर संजय निषाद ने गुरूवार को कहा कि मछुआ समुदाय 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एक मुश्त वोट देकर एक बार फिर से श्री नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनायेगा।
डा.निषाद ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 18 फीसदी वाले मछुआ समुदाय की दशा और दिशा सुधारने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभूतपूर्व कार्य किये है और अनेकों योजनाओं से उनके विकास के रास्तों को प्रशस्त किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों पर भाजपा नीति गठबंधन जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। आज भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश की जनता श्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। आज मछुआरा समाज को प्रधानमंत्री द्वारा सम्मान दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने मछुआ समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के अनेकों काम किये हैं। जिस कारण मछुआ समाज पूरी तरह से मोदी के साथ है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा ‘‘ आज हम लोगों को बजट में हिस्सेदारी मिल रही है।’’ उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में निषाद पार्टी अपने सिम्बल पर चुनाव लड़ेगी और उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेगी।
फरवरी माह में मत्स्य पालन तथा इससे जुड़े लोगों के विकास योजना के लिये बजट में अलग से धनराशि की मांग किए जाने सम्बन्धी प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मोदी और योगी के सकारात्मक प्रयास से ही आज छह प्रतिशत के स्थान पर आय का प्रतिशत नौ हो गया है।
उन्होंने मझवार और तुरैहा जाति के सम्बन्ध में कहा कि मुख्यमंत्री ने आरजीआई को पत्र लिखकर आरक्षण संबंधी जानकारी मांगी थी, जिस पर आरजीआई ने मुख्यमंत्री को जवाब देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 1961 तक मझवार और तुरैहा का आरक्षण दिया जाता रहा है और इसका नोडल मंत्रालय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय है। उन्होंने कहा कि आरक्षण अतिमहत्वपूर्ण पड़ाव पर है और जल्द ही आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी।