लखनऊ : अखिलेश यादव के निर्देश पर आज समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय कैसरबाग लखनऊ में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उप्र के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजपाल कश्यप द्वारा सभी से लामबंद होकर 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने का संकल्प दिलाया गया है।
डॉ राजपाल कश्यप ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना की मांग करती है ताकि पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों को हक और सम्मान मिल सके। भाजपा ने समाज में नफरत और विद्वेष फैलाया है। किसान, नौजवान, व्यापारी, शिक्षक सहित समाज के सभी वर्गों का अपमान किया है। कश्यप ने समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठों के जिला/महानगर, विधानसभा, ब्लाक कमेटियों तथा नगर पालिका, नगर पंचायत एवं नगर निगम वार्डों के अध्यक्षों की कमेटियों के शीघ्र गठन तथा अधिकारिक नए मतदाताओं के जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने ब्लाक स्तर तक जातीय जनगणना संगोष्ठियों के आयोजन करने के साथ सोशल मीडिया का भी उपयोग करने के लिए अपील की।
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उप्र के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक में क्रांतिकारी फूलन देवी के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर उन्हें सभी कार्यकतार्ओं द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव स्व हरिश्चन्द्र प्रजापति की आत्मा की शान्ति के लिए शोक संवेदना व्यक्त की गई। मुरादाबाद जिलाध्यक्ष साकिर सलमानी की माता के आकस्मिक निधन एवं स्व शावरा की आत्मा की शांति के लिए शोक संवेदना व्यक्त कर दो मिनट का मौन रखा गया।
समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ उ0प्र0 के जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक में राधेश्याम सिंह यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ श्यामकृष्ण गुप्ता, प्रदेश सचिव शिव वचन बिन्द, समाजवादी पार्टी लखनऊ के जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत, जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष लखनऊ मनोज कुमार पाल, महानगर अध्यक्ष लखनऊ शिवशंकर राजपूत सहित तमाम जनपदों के जिलाध्यक्ष महानगर अध्यक्ष मौजूद रहे।