प्रतापगढ़ | केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में आठ ग्रीन फील्ड कॉरिडोर राज्य में विकास की तस्वीर बयां करेंगे।
श्री गडकरी ने यहां 2,200 करोड़ से अधिक के निवेश से पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हम आठ ग्रीन फील्ड कॉरिडोर बना रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश के विकास में बहुत सहायक होंगे। केंद्रीय मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि 41 हजार करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश में 40 बाईपास बनाने जा रहे हैं।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश का नंबर एक राज्य बनेगा। किसानों की प्रगति होगी, रोजगार मिलेगा और उत्तर प्रदेश का रोड इन्फ्रास्ट्रक्टर अमेरिका के बराबर होगा। उन्होंने कहा कि आज देश भर में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा है। किसी भी प्रदेश के विकास के लिए उद्योग बहुत आवश्यक है। उद्योग नहीं आएगा तो रोजगार नहीं मिलेगा और रोजगार नहीं होगा तो गरीबी दूर नहीं होगी। किसानों की प्रगति, इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास और औद्योगिक विकास में उत्तर प्रदेश बहुत तेज गति से प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौ वर्ष में देश के अंदर हुए एक्सप्रेसवे, हाइवे और वाटरवे कार्य नए भारत की तस्वीर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में जो कार्य करके दिखाएं हैं, वो आजादी के 70 सालों में नहीं हो पाया था। आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश में नजीर बनी है। यहां की बेहतर कानून व्यवस्था पर वही व्यक्ति सवाल उठा सकता है जिसके व्यक्तिगत हित प्रभावित हो रहे हैं।
