बहराइच
। उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले की तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) के ग्राम मोगलहन पुरवा में अज्ञात कारणों से लगी आग की सूचना मिलने पर शुक्रवार को जिलाधिकारी मोनिका रानी व पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा अन्य अधिकारियों के साथ प्रभावित गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिले और उन्हें ढ़ाढस बंधाया।
जिलाधिकारी मोनिका रानी ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि उन्हें जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि मौके पर राजस्व सहित अन्य सम्बन्धित विभागों की टीमें मौजूद हैं। पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश है कि किसी आपदा के कारण पीड़ित हुए परिवारों को तत्काल राहत मुहैय्या करायी जाए। जिसका अनुपालन करते हुए त्वरित राहत के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं।
प्रभावित ग्राम के निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्षति का आंकलन कर रही राजस्व टीम को निर्देश दिया कि क्षति आंकलन का कार्य शीघ्र पूर्ण करें, ताकि पीड़ित परिवारों को तत्काल अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके। डीएम ने सभी पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया किसी को कोई भी समस्या नहीं आयेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में आवासहीन हुए ऐसे लोग जिनका अन्यन्त्र कहीं कोई ठौर-ठिकाना नहीं है। ऐसे परिवारों के मुखिया को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाए जाएंगे। प्रभावित ग्रामों में क्षति के आंकलन के साथ-साथ लोगों को रहने के लिए प्लास्टिक शीट (त्रिपाल) तथा पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रभावित ग्राम में राजस्व, स्वास्थ्य, विद्युत, पशुपालन व ग्राम्य विकास विभाग की टीमें सक्रिय है। डीएम ने राजस्व व ग्राम्य विकास विभाग की टीमों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवारों को भोजन के लिए किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महिलाओं एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखा जाय। डीएम ने यह भी बताया कि क्षति आंकलन का कार्य पूर्ण होते ही पीड़ित परिवारों के खाते में सहायता धनराशि का प्रेषण कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वृहस्पतिवार की देर शाम को अज्ञात कारणों से एक ग्रामीण के मकान में आग लग गई। इसी बीच में तेज चल रही हवा ने पूरे गांव को अपनी आगोश में ले लिया। देखते ही देखते करीब 200 से अधिक मकान जलकर राख हो गए हैं।
