अमेठी | उत्तर प्रदेश में अमेठी के जामो क्षेत्र में तांत्रिक के कहने पर सौतेली मां द्वारा चार वर्ष के मासूम की बलि देने का मामला सामने आया है।
गौरतलब है कि 12 जून को जामो थाना क्षेत्र के रेसी गांव में चार साल के बच्चे का शव तालाब के किनारे मिला था। पीड़ति पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर घटना के खुलासे को लेकर टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में आज पुलिस द्वारा घटना का खुलासा किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार ने बुधवार को बताया कि मृतक की सौतेली मां ने अपने माता पिता व एक तांत्रिक दयाराम यादव के साथ मिलकर बच्चे की बलि चढ़ा दी थी। इसमें चार लोगों की गिरफ्तारी की गई है। घटना में जो तथ्य निकलकर सामने आए,उसमें सौतेली मां रेनू को बच्चा नहीं हो रहा था। तांत्रिक दयाराम यादव ने बताया कि अगर किसी बच्चे की बलि चढ़ा दी जाए तो उसे बच्चा हो जाएगा। इसी बात पर चारों लोग मिल कर गांव से बाहर बच्चे को लेकर गए। अगरबत्ती और कपूर से पहले उसको दागा गया फिर गला घोट कर हत्या कर दी गई। घटना में शामिल चारों लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में मंगरू प्रजापति ,दयाराम यादव , प्रेमा देवी और रेनू शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशान देही पर घटना स्थल के पास झाड़यिों से आलाकत्ल गमछा, नींबू, जायफल आदि तंत्र-मंत्र का सामान भी बरामद हुआ। उन्होने बताया कि तांत्रिक के पुराने रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। उसके द्वारा कहीं इससे पहले भी इस तरह के कृत्य तो नहीं किए गए। जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे,उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
