देहरादून | उत्तराखंड के श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की उत्तर प्रदेश स्थित संपत्तियों के रखरखाव के लिए पहली बार समिति जागरूक हुई है।
समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने शनिवार देर शाम लखनऊ में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर, उन्हें बदरीनाथ-केदारनाथ की यात्रा का आमंत्रण दिया। साथ ही, उनसे उत्तर प्रदेश स्थित बीकेटीसी की संपत्तियों के संरक्षण को लेकर भी चर्चा की।
श्री अजेंद्र ने लखनऊ में श्री आदित्यनाथ से उनके आवास पर भेंटकर, केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी के मार्गदर्शन में चल रहे पुनर्निर्माण के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने श्री आदित्यनाथ से उत्तर प्रदेश के अमीनाबाद तथा फतेहपुर स्थित बीकेटीसी की संपत्तियों के सरंक्षण में सहयोग का अनुरोध भी किया। जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लखनऊ तथा फतेहपुर के जिला प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई शुरू करते हुए रविवार को ही मौके पर पहुंच कर बीकेटीसी की संपत्तियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने तत्काल बीकेटीसी से भी परिसंपत्तियों के अभिलेख मांगे हैं। ताकि उचित कार्रवाई अमल में लाई जा सके।
उधर, रविवार को श्री अजेंद्र ने भी लखनऊ के अमीनाबाद स्थित बीकेटीसी की परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना भी की। इस दौरान उन्होंने बीकेटीसी की संपत्तियों को संरक्षण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के लिए श्री आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।
