हवा की रफ्तार 125 किमी प्रति घंटा हुई, 150 तक पहुंचेगी, पेड़ उखड़े-खंभे गिरे
नई दिल्ली | चक्रवात बिपरजॉय गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ से टकराना शुरू हो गया है। कटऊ का कहना है कि लैंडफॉल आधी रात तक जारी रहेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जिससे हालात बेहद खराब हो सकते हैं। उधर, चक्रवात से होने वाले खतरे को देखते हुए अब तक 94 हजार से ज्यादा लोगों को तटीय इलाकों से रेस्क्यू किया गया है।
बिपरजॉय जखौ से 80 किलोमीटर दूर है। यह उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ते हुए कच्छ, सौराष्ट्र को पार करने वाला है। तब इसकी रफ्तार 115-125 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। इसके बाद शाम से आधी रात तक लैंडफॉल जारी रहेगा। कमांडर कोस्ट गार्ड रीजन-नॉर्थ वेस्ट के इंस्पेक्टर जनरल एके हरबोला ने बताया- हमने गुजरात में 15 जहाज और 7 एयरक्राफ्ट तैयार रखे हैं। शाम 6 से 8 बजे के बीच लैंडफॉल के अनुमान के चलते एनडीआरएफ की 27 टीमें भी तैनात हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के अलावा 10 अन्य राज्यों में इस तूफान का असर देखा जा रहा है। इनमें राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, लक्षद्वीप, केरल, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय शामिल हैं। यहां के कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है।
गुजरात मौसम विभाग ने बताया कि यह तूफान दक्षिणी अरब सागर में बनने के बाद गुजरात तट के करीब पहुंचने तक कई बार रास्ता बदलता रहा है। इससे इसकी तीव्रता में उतार-चढ़ाव आता रहा है। अभी इसकी तीव्रता खतरनाक है। गुजरात के प्रभावित 8 जिलों से 75 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
विभाग के मुताबिक यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड़, छोटे मकान, मिट्टी और टीन के घरों को नुकसान हो सकता है। कच्छ और सौराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है।
