देवरिया में केंद्रीय सड़क, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ सीएम योगी ने किया 6215 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच बड़ी सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास
लखनऊ | केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को देवरिया में शानदार रोड कनेक्टिविटी के लिए 6215करोड़ रुपये की लागत वाली 5 बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। इन सड़क परियोजनाओं का लाभ देवरिया समेत आसपास के जिलों के साथ ही बिहार को भी मिलेगा। ये सभी परियोजनाएं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की हैं। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के मॉडल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
देवरिया चीनी मिल परिसर में आयोजित शिलान्यास समारोह में सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने विकास व सुरक्षा का मॉडल दिया है। गरीब कल्याण का मॉडल दिया है। अपनत्व की भावना से सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास का यह मॉडल और तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस हाइवे का संजाल बिछ रहा है। इंटर स्टेट कनेक्टिविटी शानदार हुई है। हर जिला मुख्यालय बाईपास से जुड़ रहा है। रोड कनेक्टिविटी से शहरीकरण को गति मिली है और शहरीकरण से अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। विकास का एक नया मॉडल तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि उनकी सरकार देवरिया जिले की बंद पड़ी गौरी बाजार व बैतालपुर चीनी मिल को सुगर कॉम्प्लेक्स बनाना चाहती है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में रिट दाखिल की गई है। फैसला होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। सुगर कॉम्प्लेक्स बन जाने से हजारों नौजवानों को रोजगार मिलेगा और अन्नदाता का भविष्य उज्ज्वल होगा।
शिलान्यास समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पीएम आवास योजना, सीएम आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, घरौनी, कृषि विभाग की योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, प्रमाण पत्र, चेक, किट, स्वीकृति पत्र आदि प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, देवरिया के सांसद डॉ रमापति राम त्रिपाठी, सलेमपुर के सांसद रविन्द्र कुशवाहा, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, दीपक मिश्र शाका, सुरेंद्र चौरसिया, सभा कुंवर, जयप्रकाश निषाद, एलएलसी डॉ रतनपाल सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, देवरिया के जिलाध्यक्ष अंतयार्मी सिंह, कुशीनगर के जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
